द फॉलोअप डेस्क
गोरखपुर के खजनी थानाक्षेत्र में एक अनोखी घटना सामने आई है, जहां एक दुल्हन ही अपनी शादी से गायब हो गई। बताया जा रहा है कि एक शादी समारोह में फेरे लेने से पहले ही दुल्हन नकदी, कपड़े और जेवर लेकर फरार हो गई। मामला खजनी थाना क्षेत्र के भरोहिया स्थित शिव मंदिर का है, जो शादी की रस्मों के बीच घटित हुआ। सूत्रों के मुताबिक, सीतापुर जिले के गोविंदपुर गांव के 40 वर्षीय किसान कमलेश कुमार अपनी पहली पत्नी के निधन के बाद दूसरा विवाह करना चाहते थे। ऐसे में उन्होंने एक बिचौलिए पर भरोसा करते हुए शादी की व्यवस्था के लिए 30,000 रुपये एडवांस दिया।
इसके बाद 3 जनवरी को होने वाली अपनी शादी के लिए कमलेश परिवार के साथ गोरखपुर पहुंचे। यहां दुल्हन अपनी मां के साथ आई। कमलेश ने उन्हें शादी के खर्च के अलावा साड़ियां, कॉस्मेटिक्स और गहने उपहार में दिए। लेकिन जैसे ही रस्में शुरू हुईं, दुल्हन ने बाथरूम जाने का बहाना बनाया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। कमलेश ने बताया कि दुल्हन के साथ उसकी मां भी गायब हो गई, जिससे वह हैरान रह गए। फिलहाल, दोनों उनके कीमती सामान से साथ लापता हैं।
पीड़ित ने नहीं दर्ज करवाई शिकायत
पीड़ित कमलेश ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मैं सिर्फ अपने परिवार को फिर से बसाना चाहता था, लेकिन सब कुछ खो दिया। लेकिन इस घटना के बाद भी अब तक पीड़ित की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इसे लेकर अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) जितेंद्र कुमार ने बताया कि खजनी थाना में इस मामले की कोई तहरीर नहीं मिली है। हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया है कि मामले की श्कायत दर्ज करवाने पर अधिकारी घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
